ऑपरेशन मुस्कान के तहत ढाई करोड़ से अधिक कीमत के फोन बरामद, असली मालिकों को सौंपे
Kanpur। रक्षाबंधन पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने यात्रियों को बड़ी सौगात दी। यात्रा के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत सर्विलांस सेल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 611 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
।
गुरुवार को आयोजित मोबाइल वितरण समारोह में पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत कुमार वर्मा ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर यात्रियों ने जीआरपी की कार्यप्रणाली की सराहना की और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे ने मोबाइल बरामदगी में अहम भूमिका निभाने वाली जीआरपी कानपुर सेंट्रल टीम के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और उनकी टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।
मोबाइल बरामदगी का अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. के मार्गदर्शन, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे एन. कोलांची के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत कुमार वर्मा की निगरानी में चलाया गया। अभियान में जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम के साथ प्रयागराज सर्विलांस सेल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।


