यूपी टी-20 लीग के बाद तीन साल तक नहीं हो सकेंगे कोई भी मैच
अक्टूबर से शुरू हो सकता है स्टेडियम के जीर्णोद्धार का कार्य
Kanpur । देश के पांच सबसे पुराने तथा प्रदेश के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सेंटर ग्रीन पार्क स्टेडियम में शुक्रवार से यूपी टी-20 लीग का सफल आगाज हो चुका है। वर्ष 2023 में इस लीग का आगाज भी ग्रीन पार्क से हुआ था। जिसके बाद दो साल यह लीग लखनऊ में हुई। इस बार चौथे सीजन को लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में आयोजित किया जा रहा है। लीग का पहला सीजन 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ में खेला गया।
जहां 22 मुकाबले खेले गये। अब कानपुर में 28 अगस्त से लेकर छह सितम्बर तक दूसरा चरण खेला जायेगा। इस दौरान यहां 12 मैच खेले जाने हैं। ग्रीन पार्क में खेली जा रही यह लीग बेहद खास भी हैं, क्योंकि संभवतः अगले तीन साल तक यहां शहरवासियों को कोई भी मैच देखने का मौका न मिले।
वर्ष 1952 से पूरी दुनिया में अपनी चमक बिखेर रहा ग्रीन पार्क इस समय अपने जीर्णोद्धार की तरफ बढ़ रहा है। जिसकी पहल राज्य सरकार कर चुकी है। वह ग्रीन पार्क की एतिहासिक धरोहर को बचाने के लिए काफी सजग है और 350 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि से इस पूरे स्टेडियम का कायाकल्प करने को तत्पर है। इसी वर्ष सरकार ने इस स्टेडियम के लिए 45 करोड़ रुपए भी जारी कर दिये हैं।
जिसका टेंडर अगले माह पड़ने की संभावना है। इस सूरत में जीर्णोद्वार का कार्य अक्टूबर माह में शुरू होने की उम्मीद है। जिसके बाद इस स्टेडियम का कायाकल्प हो जायेगा और बिल्कुल नए अंदाज में दिखेगा। हालांकि इस पूरे निर्णाण कार्य की अवधि तीन साल बतायी जा रही है। इस दौरान ग्रीन पार्क क्रिकेट मुकाबलों से दूरी बनाए रखेगा। इसलिए 28 अगस्त से यहां शुरू हो रही यूपी टी-20 लीग शहरवासियों के लिए अपने पुराने ग्रीन पार्क की यादों को संजोने का आखिरी मौका बन चुकी है। इस खास मौके का आनंद लेने के लिए यूपी लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने यहां होने वाले सभी 12 मैचों की टिकट दर काफी कम रखी गयी है।
, जिससे शहर का प्रत्येक खेल प्रेमी इसका आनंद उठा सके। मात्र 49 रुपए से लेकर 349 रुपये तक की रखी गयी टिकट को खरीदने को लेकर खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह दिख रहा है। डिस्ट्रिक एप पर ऑनलाइन के साथ-साथ शहर में सात जगह काउंटर बनाये गये हैं, जहां से कोई भी इन टिकटों को आसानी से ले सकता है। इन सेंटर में ग्रीन पार्क स्टेडियम में बने बाक्स आफिस के अलावा बाटू टेलीफोन प्वाइंट गोविंद नगर, लाजपत नगर, दबौली मोड़, सुरपाल टायर्स फजलगंज, गौरव फर्नीचर गोविंद नगर व एएस परफेक्ट चमनगंज से शामिल हैं।


