चौथे सीजन के दूसरे चरण में 12 मैचों के लिए बनेंगी चार विकेट
चौकों-छक्कों की होगी जमकर बरसात, दिखेंगे कांटे के मुकाबले
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आयोजन पहली बार दो शहरों में हो रहा है। 14 से लेकर 26 अगस्त तक पहला चरण लखनऊ में खेला जायेगा। इसके बाद 28 अगस्त से 6 सितम्बर तक दूसरा चरण कानपुर में होगा। चूकि यहां जितने भी मैच होंगे वह सभी फ्रेंचाइजियों के लिए खासे महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि प्रत्येक मैच प्लेऑफ का रास्ता तय करेगा। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रीन पार्क में पिच एंड ग्राउंड का काम शुरू कर दिया गया है।
लीग के 12 मैचों के लिए यहां मौजूद 9 विकेट में चार को तैयार किया जा रहा है। काली मिट्टी से बनी इस विकेट को इस तरह तैयार किया जा रहा जिससे प्रत्येक मैच कांटों भरा हो। चौकों-छक्कों की बरसात के साथ ही गेंदबाजों को भी यहां अ’छी खासी मदद मिले। मैदान की आउटफील्ड को भी चमकाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए विकेट को कवर्स के ढक कर रखा जा रहा है। वहीं मैदान के उन हिस्सों को भी चिन्हित किया जा रहा है जहां पानी भरने की समस्या है। जिससे उन्हें सही कराया जा सके। यूपीसीए के पिच क्यूरेटर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि लीग में मात्र एक माह का समय शेष है। इसलिए हमने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार यहां 12 मैच खेले जाने हैं, जिसमें तीन डबल हैडर मुकाबले हैं। इसे ध्यान में रखते हुए चार विकेट तैयार की जा रही है।
चूकि यहां दूसरा चरण खेला जा रहा है और सभी मैच काफी महत्वपूर्ण है, इसलिए पिचों को इस तरह से तैयार किया जा रहा है जिसमें सभी टीमों के साथ स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को भी भरपूर आनंद मिल सके। ग्रीन पार्क में ड्रेनेज सिस्टम न होने के कारण यहां मैच के दौरान 100 कर्मचारियों को कवर्स डालने के लिए रखा जायेगा। जिससे मैच के दौरान बारिश होने पर जल्द मैच दोबारा शुरू कराया जा सके। इसके अलावा यहां सुपरसॉपर सहित ग्राउंड्समैन की टीम भी पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।


