शनिवार को हुई भारी बारिश के बावजूद यूपी लीग के मैच का कराया सफल आयोजन
Kanpur । 73 वर्ष पुराने ग्रीन पार्क स्टेडियम में भले ही अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम न हो लेकिन यहां के ग्राउंड्समैन हमेशा से इतने शानदार मुकाबलों का आयोजन किया है, जो आज भी इतिहास के पन्नों में शामिल हैं। दो साल पहले भारत और बंगलादेश टेस्ट मैच के दौरान ढाई दिन का खेल बारिश में धुलने के बावजूद यहां टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।
कुछ यही नजारा शनिवार को ग्रीन पार्क में खेले गये यूपी टी-20 लीग के मुकाबले में भी देखने को मिला। दिन का पहला मुकाबला आठ ओवर ही खेला जा सका था कि मैदान में हुई मूसलाधार बारिश के कारण इस मैच को रद करना पड़ा। लगातार गिर रही बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही थी। आयोजकों को दूसरे मैच की भी चिंता सताने लगी थी। उससे भी ज्यादा चिंता इस बात की थी कि आगे प्लेऑफ और फाइनल मैच होने हैं। यही आलम रहा तो टूर्नामेंट का पूरा मजा खराब हो जायेगा।
आलाधिकारियों की बैठक में तो सुझाव भी दिया गया कि प्लेऑफ से इस लीग को दोबारा लखनऊ शिफ्ट करा दिया जाये। लेकिन शाम छह बजे बारिश धीमी हुई और ग्रीन पार्क के ग्राउंड्समैन पूरे लाव-लश्कर के साथ मैदान से पानी निकालने में जुट गये। लीग से पहले यहां लगवाए गये आठ मडपंप को भी पूरी रफ्तार से मैदान का पानी बाहर निकालने को खोल दिया गया। तकरीबन एक घंटे में ही तरणताल बन चुके मैदान में पानी की एक बूंद तक नहीं नजर आ रही थी।
इसके बाद मैदान में सुपरसॉपर तथा जो हिस्से गीले पाये गये उन्हें दुरुस्त करने के काम जारी रहा और 9 बजे पूरा मैदान अगले मैच के लिए तैयार हो चुका था। मैच रैफरी की अनुमित मिलते ही 12-12 ओवर का मैच कराया गया जिसमें कानपुर सुपरस्टार ने नोएडा सुपरकिंग्स को आठ विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को बरकरार रखा।
—


