यूपीसीए कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और जय कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया शुभारंभ
Kanpur । यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) सीजन-2 का शुक्रवार को धमाकेदार आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और जय कुमार मुख्य अतिथि रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। टूर्नामेंट का आयोजन डॉ. मानस शुक्ला, सुमित मंध्यान, वरुण कटारिया और नीलेश दुसेजा की देखरेख में कराया जा रहा है।

पहले दिन स्कोरिंग विलोज और नाइट स्कॉर्चर्स ने जीत से अभियान शुरू किया।राकेश मसाला ग्राउंड पर स्कोरिंग विलोज ने पिच राइडर्स को चार विकेट से शिकस्त दी। पिच राइडर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.1 ओवर में 100 रन पर ढेर हो गई। आरिश ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाए। स्कोरिंग विलोज के अजय ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में एक मेडन के साथ 13 रन देकर चार विकेट चटकाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी विलोज की शुरुआत खराब रही और 19 रन पर चार विकेट गिर गए।
पिच राइडर्स के शिवांशु दीक्षित ने चार और अभिजीत सिंह ने दो विकेट लेकर मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया। इसके बाद अभिषेक विज (48) और अजय ठाकुर (नाबाद 35) ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 23.1 ओवर में छह विकेट पर 104 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।उधर, टीएसएच पालिका ग्राउंड पर नाइट स्कॉर्चर्स ने जेबीके 11 को 35 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट स्कॉर्चर्स ने छह विकेट पर 194 रन बनाए।

विकेटकीपर बल्लेबाज अविनाश कुमार ने 77 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन की तूफानी पारी खेली। क्षितिज ने 35 रन जोड़े।
195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेबीके 11 की टीम 27.3 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। आदित्य शर्मा ने 34 और रोहित गुप्ता ने 32 रन बनाए। नाइट स्कॉर्चर्स के कप्तान अनुराग पांडे ने 27 रन देकर चार विकेट लिए। मिशन गुप्ता ने तीन और अर्पित तिवारी ने दो विकेट चटकाकर टीम को जीत दिलाई।


