राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हस्तलेखन, जल संरक्षण और शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण पर दिया जोर
Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह में इस बार भी छात्राओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। समारोह में कुल 1,07,713 उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि 51 मेधावी विद्यार्थियों को 96 पदक दिए गए। इनमें 42 छात्राएं और केवल 9 छात्र शामिल रहे। वहीं 92 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई, जिनमें 50 महिलाएं और 42 पुरुष रहे।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रख्यात शिल्पाचार्य एवं उद्यमी अंचल पी. बिजलानी को सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह से पहले राज्यपाल ने स्टार्टअप एक्सपो का अवलोकन किया तथा पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।

समारोह को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए कानपुर नगर और देहात के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए कुल 500 विशेष किट वितरित की गईं। साथ ही पुलिसकर्मियों की बेटियों सहित 800 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराया गया। राज्यपाल ने प्रदेश में एक वर्ष के भीतर शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने सुंदर हस्तलेखन को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी जिलों में हस्तलेखन प्रतियोगिताएं आयोजित कराने और कमजोर लिखावट वाले बच्चों को विशेष प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि जितनी आवश्यकता हो, उतना ही पानी गिलास में लें।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को डिग्रियों के डिजिटल लॉकर उपयोग की नियमित समीक्षा, मोबाइल मेडिकल वैन की व्यवस्था, स्वच्छ एवं नशामुक्त परिसर, पौष्टिक मेस भोजन, ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पढ़ाई छोड़ चुके युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने तथा अशिक्षित महिलाओं को साक्षर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी बात कही।
समारोह के दौरान ‘सस्टेनेबिलिटी डैशबोर्ड’ और ‘नेवर अलोन ऐप’ का शुभारंभ किया गया। उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा उनकी पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स और खेलो इंडिया गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


