इंडियन टीम ट्रायल्स के लिए क्वालीफाई
Kanpur । शहर के पैरा-राइफल शूटर गिरधारी अग्रवाल ने भोपाल में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप की पैरा राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इंडियन टीम ट्रायल्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
भोपाल में 8 मई को हुए मुकाबलों में गिरधारी ने सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया। कड़े मुकाबले के बीच उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन ने उत्तर प्रदेश और कानपुर का मान बढ़ाया।
पिछले चार वर्षों में 19 पदक जीत चुके गिरधारी इस समय जयपुर में कोच योगेश शेखावत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। पदक समारोह में ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किए।
गिरधारी ने कहा कि गगन नारंग से मेडल लेना उनके लिए प्रेरणादायक पल रहा। उन्होंने बताया कि अब उनका पूरा फोकस देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर है। केएसएस मेमोरियल चैंपियनशिप को पैरा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है।


