कायाकल्प से पहले ऐतिहासिक मैदान में होगा अंतिम मुकाबला, 55 हजार दर्शक क्षमता का बनेगा नया ग्रीन पार्क,456.94 करोड़ रुपये से होगा स्टेडियम का कायाकल्प, पदमपत सिंघानिया के नाम पर बनेगी गैलरी
Kanpur ।क्रिकेट के गढ़ ग्रीन पार्क में रविवार को एक बार फिर चौके-छक्कों की गूंज सुनाई देगी। कायाकल्प से पहले ऐतिहासिक स्टेडियम में होने वाले आखिरी मुकाबले में सांसद एकादश और कानपुर एकादश आमने-सामने होंगी। ग्रीन पार्क गौरव कप के नाम से होने वाला 15-15 ओवर का यह मुकाबला शाम पांच बजे से खेला जाएगा। सांसद एकादश की कमान पूर्व भारतीय बल्लेबाज यूसुफ पठान के हाथों में होगी, जबकि कानपुर एकादश की कप्तानी शहर के तेज गेंदबाज अंकित राजपूत करेंगे।

शुक्रवार को ग्रीन पार्क में हुई प्रेसवार्ता में सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि यह मुकाबला केवल क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि ग्रीन पार्क की गौरवशाली क्रिकेट यात्रा को याद करने का अवसर भी होगा। मैच के दौरान क्रिकेट प्रेमियों को ऐतिहासिक स्टेडियम की शौर्य गाथा से रूबरू कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ग्रीन पार्क का कायाकल्प कराने जा रही है। इसके लिए प्रस्तावित बजट बढ़कर 456.94 करोड़ रुपये हो गया है।

कायाकल्प के बाद स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 55 हजार होगी, जो प्रदेश में सबसे अधिक होगी। नए स्वरूप में बनने वाली एक गैलरी का नाम उद्योगपति एवं क्रिकेट संरक्षक पदमपत सिंघानिया के नाम पर रखा जाएगा। सांसद ने कहा कि सिंघानिया ने उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यहीं से उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की नींव मजबूत हुई।
उद्योग और खेल पर भी मंथन
मुकाबले में केंद्र सरकार की वाणिज्य संबंधी समिति से जुड़े करीब 22 सांसदों के शहर पहुंचने की जानकारी दी गई। वे मैच में हिस्सा लेने के साथ शहर के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास को लेकर बैठक भी करेंगे। सांसद एकादश में प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों और शहर के दो विधायक भी शामिल हैं। वहीं कानपुर एकादश में वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ आईएएस, आईपीएस और आईआरएस अधिकारी मैदान पर उतरेंगे।
कैंट और जेल की जमीन पर बनेंगे नए स्पोर्ट्स हब
सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि ग्रीन पार्क के बाद शहर में अन्य खेलों के विकास की तैयारी भी है। कैंट में करीब 22 एकड़ जमीन पर स्पोर्ट्स हब विकसित करने की योजना है। इसमें एथलेटिक्स ट्रैक, एस्टोटर्फ हॉकी मैदान, स्वीमिंग पूल समेत अंतरराष्ट्रीय मानकों की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिला जेल के स्थानांतरण के बाद वहां भी स्टेडियम विकसित करने की योजना है। उद्देश्य है कि ग्रीन पार्क मुख्य रूप से क्रिकेट के लिए और नए खेल परिसरों में अन्य खेलों की गतिविधियां संचालित हों।
टीमें इस प्रकार : सांसद एकादश: यूसुफ पठान (कप्तान), आनंद भदौरिया, विश्वजीत सिन्हा (राहुल सिन्हा), दानिश अली, अभिजीत सिंह सांगा, प्रवीण खंडेलवाल, डा. प्रशांत यादोराव पडोले, रमेश अवस्थी, एमएस तनवडे, सोमेंद्र तोमर, सुब्रत पाठक, सुरेंद्र पाठक, विजय दुबे, निशिकांत दुबे।
कानपुर एकादश: अंकित राजपूत (कप्तान), अनुभव सिंह, अकांशु गोविल, डा. बालकार सिंह, अंकुर कौशिक, अभिनव जैन, कर्मवीर सिंह, संदीप कुमार, शुभम पटेल, दीपांकर मालवीय, सतीश जायसवाल, हरजीत सिंह, गोपाल, अमित पाल। फिजियो : स्टेनली ब्राउन।


