बीपी क्रिकेट लीग में फेयरडील फाइटर्स को शिकस्त, अपूर्व गुप्ता बने मैन ऑफ द मैच
Kanpur। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में चल रही बीपी क्रिकेट लीग में शुक्रवार को फेयरडील फाइटर्स और सागर लायन के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें सागर लायन ने गौरव व अपूर्व की शानदार पारी की बदौलत मैच 9 विकेट से जीता। आलराउंड पारी खेलने वाले अपूर्व को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

आर्य नगर स्थित टीएसएच मैदान पर खेले गए मैच में सागर लायन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इससे बल्लेबाजी करने उतरी फेयरडील फाइटर्स ने 20 ओवर में सात विकेट पर 145 रन बनाए। टीम की ओर से तुषार दुग्गल ने 55 रन, जितेंद्र ने 25 रन, मोहित गुप्ता ने 14 रन बनाए। गेंदबाजी में अपूर्व गुप्ता को दो, शिवम जायसवाल, आदित्य दिवाकर, रोहित वर्मा को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में खेलने उतरी सागर लायन ने 18.1 ओवर में एक विकेट पर 149 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से गौरव कुशवाहा ने 63 गेंद पर 75 रन और अपूर्व गुप्ता ने 37 गेंद पर 48 रन बनाए। गेंदबाजी में हिमांशु को एक मात्र सफलता मिली।
मैच के अंत में पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश त्रिपाठी और आरजी एकेडमी के डायरेक्टर विजय चौरसिया ने विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नीलेश खंडेलवाल, अश्विनी कुमार गुप्ता, गुंजन माहेश्वरी, दीपक आदि मौजूद रहे।


