उड़ीसा से दिल्ली ले जाया जा रहा था 13.65 किलो गांजा, कानपुर सेंट्रल पर जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बिहार के तस्कर को दबोचा
Kanpur । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। टीम ने मौके से बिहार निवासी एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया।
एसपी रेलवे (प्रयागराज अनुभाग) प्रशांत वर्मा की मॉनिटरिंग और सीओ रेलवे कानपुर शेषमणि उपाध्याय के निर्देशन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अगस्त की रात करीब 12:40 बजे प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम स्टेशन परिसर में चेकिंग कर रही थी।
कैंट साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में सुलभ शौचालय के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में ट्रॉली बैग से 13.650 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनय कुमार शर्मा (36) पुत्र ध्रुव शंकर शर्मा, निवासी ग्राम रामा छपरा, थाना दुरौंधा, जिला सिवान, बिहार बताया। आरोपी के अनुसार वह उड़ीसा से गांजा लेकर दिल्ली के आनंद विहार जा रहा था और ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी नेटवर्क और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।


