भीमसेन क्षेत्र में मालगाड़ियों से ईंधन चोरी की घटनाओं पर आरपीएफ ने शिकंजा कसते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को दबोचकर चोरी का डीजल-पेट्रोल बरामद किया गया।
। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों से डीजल-पेट्रोल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईबी ग्वालियर और सीआईबी कानपुर की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना के आधार पर की।
आरपीएफ को काफी समय से भीमसेन आरपीएफ पोस्ट क्षेत्र में ट्रेनों से ईंधन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 15 कट्टी डीजल और पेट्रोल बरामद किया गया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर गौतम और शिवम गौतम निवासी सचेंडी, कानपुर के रूप में हुई है। बरामद ईंधन की कीमत करीब 34 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार अन्य साथियों के नाम बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।


