जय कुमार ने जीता स्वर्ण, चारों ने एसजीएफआई में बनाई जगह
Kanpur ।कोलकाता के द हेरिटेज स्कूल में 23 से 25 सितंबर तक सीआईएससीई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता चल रही है। इसमें कानपुर के चार तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पदक जीते। इसके साथ स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए क्वालीफाई किया।
अंडर-14 भारतीय राउंड में जय कुमार ने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और एसजीएफआई के लिए चयनित हुए। अंडर-17 भारतीय राउंड में सूर्यांश गुप्ता ने चौथा स्थान हासिल कर चयन पक्का किया। अंडर-14 कंपाउंड राउंड में अंश ने चौथे स्थान पर रहते हुए एसजीएफआई में प्रवेश पाया। वहीं अंडर-17 वर्ग में विदुराज केसरवानी ने कांस्य पदक जीतकर अपनी जगह बनाई।
चारों खिलाड़ी अब दिसंबर में अमरावती में प्रस्तावित एसजीएफआई प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की उपलब्धि में उनके कोच वैभव गौड़ की अहम भूमिका रही। जिला तीरंदाजी संघ के महासचिव राजा भरत अवस्थी, संदीप कुमार पासवान, कानपुर ओलंपिक संघ और क्रीड़ा भारती की डॉ. सुलोचना दीक्षित ने चारों खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


