पुलिस ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला, दमकल ने समय रहते पाया आग पर काबू
Kanpur। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार दोपहर दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही भवन में धुआं फैल गया, जिससे कार्यालयों में काम कर रहे कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों से आए लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते भवन खाली करा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही केडीए चौकी प्रभारी संकित तौंगड़ और नगर निगम चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और दूसरी मंजिल समेत भवन के विभिन्न हिस्सों में मौजूद सैकड़ों कर्मचारियों और नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही भवन के आसपास लोगों की भीड़ न लगने देने के लिए बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

इधर, सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

हादसे की सूचना मिलते ही महापौर प्रमिला पांडेय भी नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा राहत कार्यों की समीक्षा की। महापौर ने कहा कि समय पर पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश देते हुए भवन की विद्युत व्यवस्था और अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की भी जांच कराने को कहा है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


