24 किलो चांदी की 22 सिल्लियां बरामद, चोरी के मुकदमे में वांछित था आरोपित
Kanpur। शहर से बाहर निकलने की तैयारी में खड़ा चोरी का आरोपित पुलिस की नजर से नहीं बच सका। फीलखाना पुलिस और सर्विलांस टीम पूर्वी जोन ने फलमंडी-किला तिराहा के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 24 किलो 348 ग्राम वजन की चांदी की 22 सिल्लियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपित शहर से बाहर भागने की फिराक में तिराहे के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी शुरू होते ही उसके पास चांदी की सिल्लियां देखकर पुलिस भी चौंक गई।
पूछताछ में आरोपित की पहचान सुधांशु अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद चांदी को चोरी के मामले से जुड़ा बताया है। संबंधित मुकदमे में बरामदगी की धारा बढ़ाते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया।


