Tuesday, February 24, 2026
HomeकानपुरKanpur : जाम से जंग: रामदेवी से गोल चौराहा तक आसमान पर...

Kanpur : जाम से जंग: रामदेवी से गोल चौराहा तक आसमान पर दौड़ेगी सड़क

Kanpur । शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और रोजाना लगने वाले लंबे जाम से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है। रामदेवी से गोल चौराहा तक लगभग 10.160 किलोमीटर लंबा चार लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। करीब 988.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट को वित्तीय और तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। माना जा रहा है कि इस कॉरिडोर के बनने से शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस हिस्से पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और हजारों लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर प्रस्तावित है, जो औद्योगिक नगरी कानपुर के प्रमुख मार्गों में से एक है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन, मालवाहक ट्रक और यात्री वाहन गुजरते हैं। ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण अक्सर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद ऊपर से यातायात तेज गति से संचालित होगा, जबकि नीचे स्थानीय यातायात को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

16 रेलवे क्रॉसिंग की समस्या होगी खत्म
रामदेवी से गोल चौराहा मार्ग पर करीब 16 रेलवे क्रॉसिंग पड़ती हैं। कई बार ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद वाहन इन क्रॉसिंग के ऊपर से निकल जाएंगे, जिससे जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और लोगों का समय बचेगा।

सफर होगा आसान और सुरक्षित
एलिवेटेड रोड बनने से इस मार्ग पर सफर पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो जाएगा। ट्रैफिक सुचारु होने से वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे ईंधन की बचत भी होगी। इसके साथ ही घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सांसद के प्रयास रंग लाए
इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में क्षेत्रीय सांसद रमेश अवस्थी की सक्रिय भूमिका बताई जा रही है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कानपुर की ट्रैफिक समस्या और इस मार्ग की जरूरत को विस्तार से रखा था। लगातार प्रयास और फॉलो-अप के बाद इस परियोजना को स्वीकृति मिल सकी।
इस उपलब्धि पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कानपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। आने वाले समय में इस कॉरिडोर का लाभ शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के जिलों से आने-जाने वाले लोगों को भी मिलेगा।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...