Kanpur। पनकी पुलिस ने साइट नम्बर-03 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री से करीब 10 लाख रुपये कीमत की एलईडी लाइट चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 108 एलईडी लाइटें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार फैक्ट्री से लगभग 110 एलईडी लाइट चोरी होने की शिकायत पर थाना पनकी में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने ग्वालियर निवासी शिवम किरार और अभिषेक कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि शिवम फैक्ट्री में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और उसने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। दोनों ने फैक्ट्री से एलईडी लाइटें चोरी कर उन्हें ग्वालियर ले जाकर कम कीमत पर बेचने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते उनका मंसूबा पूरा नहीं हो सका।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 108 एलईडी लाइटें बरामद कर लीं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


