महाराजपुर हाईवे हादसे में तीन की मौत, सात वर्षीय बच्ची को नहीं पता भाई-बहन की जा चुकी है जान; माता-पिता आईसीयू में भर्ती
Kanpur । महाराजपुर के रूमा के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे के बाद हैलट अस्पताल में एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। सात वर्षीय स्नेहा को जब होश आया तो उसने सबसे पहले अपने माता-पिता और भाई-बहन को तलाशना शुरू कर दिया। वह मासूमियत से बार-बार पूछती रही, “मम्मी-पापा के पास जाना है… भैया और दीदी कहां हैं?” उसके इन सवालों के आगे डॉक्टर, नर्स, पुलिसकर्मी और वार्ड में मौजूद तीमारदार भी कुछ पल के लिए नि:शब्द हो गए।
मौत की खबर से अब भी अनजान है बच्ची
दरअसल, स्नेहा को अभी यह नहीं बताया गया है कि हादसे में उसके 11 वर्षीय भाई दिलकुश और 15 वर्षीय बहन नेहा की मौत हो चुकी है। उसके माता-पिता नरेश मंडल और सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हैं और हैलट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। डॉक्टरों के अनुसार पिता की हालत अब खतरे से बाहर है, लेकिन वह भी बार-बार अपने बच्चों के बारे में पूछ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी स्थिति को देखते हुए फिलहाल उन्हें भी बच्चों की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।
एक झटके में उजड़ गईं कई खुशियां
हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो सोमवार सुबह महाराजपुर क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक बजरंग, दिलकुश और नेहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
दर्द में भी बेटियों का हौसला बने पिता
इसी हादसे में झारखंड के चतरा निवासी वकील यादव का परिवार भी घायल हुआ। उनका बायां हाथ टूट गया, जबकि दोनों बेटियां रिया और अनीशा तथा साली कविता कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं। खुद दर्द से कराहने के बावजूद वह अस्पताल में बेटियों के सिरहाने बैठे रहे। एक हाथ से बेटियों का माथा सहलाते हुए उन्हें हिम्मत देते रहे। यह दृश्य देखकर अस्पताल में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की कहानी
घायल यात्री केसर भारती ने बताया कि सुबह करीब छह बजे स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। अचानक गाड़ी एक बार लहराई, जिससे कई यात्रियों की नींद खुल गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, तेज धमाके के साथ वाहन हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सीएम ने जताया शोक, जांच शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह हैलट अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उधर, महाराजपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।


