223 खिलाड़ियों ने शुरू किया प्रोफेशनल प्रशिक्षण, पारदर्शी चयन प्रक्रिया बनी पहचान
Kanpur । नगर निगम की पहल पर आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के बच्चों के लिए निशुल्क प्रशिक्षण का आठवां बैच बुधवार से शुरू हुआ। जिसमें 223 चयनित खिलाड़ी अब पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस बैच के लिए कुल 641 आवेदन पत्र वितरित किए गए, जिनमें से 310 आवेदन प्राप्त हुए। प्रारंभिक जांच के बाद 255 खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए बुलाया गया।

2 अप्रैल को आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों की फिटनेस, खेल कौशल और खेल के प्रति रुझान का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। पूरी प्रक्रिया सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई। ट्रायल के दौरान बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, स्विमिंग और टेबल टेनिस जैसी विभिन्न विधाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन परखा गया।

चयनित 223 खिलाड़ियों ने मेडिकल सहित सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। खेलवार चयन इस प्रकार रहा::: बैडमिंटन – 40 बास्केटबॉल – 35 बॉक्सिंग – 20 जूडो – 40 कराटे – 50 कबड्डी – 2 शूटिंग – 9 स्विमिंग – 13 टेबल टेनिस – 14 अब तक सात बैचों में 1734 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर 4 रजत और 6 कांस्य, जबकि जिला स्तर पर 36 स्वर्ण, 32 रजत और 48 कांस्य पदक जीतकर शहर का मान बढ़ाया है। निष्पक्ष चयन प्रक्रिया बनी पहचान ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नगर निगम ने सुदृढ़ व्यवस्था लागू की है।
योजना का व्यापक प्रचार सरकारी स्कूलों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न माध्यमों से किया जाता है। आवेदन पत्रों की कड़ी जांच के बाद ही पात्र खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए आमंत्रित किया जाता है, जिससे सही प्रतिभाओं को अवसर मिल सके।


