सी-बालकनी से शुरू होगा पुनर्निर्माण, तीन चरणों में बदलेगा स्टेडियम का पूरा स्वरूप
Kanpur। ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम के पुनर्निर्माण की कवायद तेज हो गई है। निर्माण से जुड़े सभी विभागों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की अंतिम रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को सौंप था, इसको क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी की सहमति के बाद रिपोर्ट मंडलायुक्त और नियोजन विभाग को भेज दी गई है। अब शासन से मंजूरी के बाद सितंबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और अक्तूबर से स्टेडियम के पुनर्निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है।
स्टेडियम के पुनर्निर्माण पर कुल 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण के कार्य के लिए शासन ने 45 करोड़ रुपये की किस्त स्वीकृत कर दी है। यूपी टी-20 लीग के मुकाबले छह सितंबर को समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। पहले चरण में सबसे कमजोर मानी जा रही सी-बालकनी से काम शुरू होगा। इसके बाद अन्य दीर्घाओं का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
नए स्वरूप में ग्रीनपार्क को पिलरलेस और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है।
इससे दर्शकों को बिना किसी बाधा के मैदान का स्पष्ट दृश्य मिल सकेगा। इसके अलावा मीडिया सेंटर, प्लेयर पवेलियन और फ्लड लाइटों का भी पुनर्निर्माण कराया जाएगा। ग्रीनपार्क के पुनर्निर्माण की प्रगति पर खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शासन स्तर से भी लगातार नजर रखी जा रही है।
तीन चरणों में बदलेगा ग्रीनपार्क
वर्तमान में स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 32 हजार है। पहले चरण में कुछ पुरानी दीर्घाओं को हटाने से करीब 1500 सीटें कम होंगी और क्षमता लगभग 30,500 रह जाएगी। दूसरे चरण में कई और दीर्घाएं हटाई जाएंगी, जिससे क्षमता करीब 18 हजार रह जाएगी। इसके बाद 15,280 नई सीटें जोड़कर क्षमता 33,280 की जाएगी। तीसरे और अंतिम चरण में करीब खराब 18 हजार सीटों को हटाकर नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। इस चरण में 19,761 नई सीटें बनाई जाएंगी। इसके बाद ग्रीनपार्क की कुल दर्शक क्षमता बढ़कर करीब 35,041 हो जाएगी। पूरे पुनर्निर्माण कार्य को करीब 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
– ग्रीनपार्क स्टेडियम को नए सिरे से बनाने के लिए पूरी रिपोर्ट तैयार कर नियोजन विभाग को सौंप दी गई है। सितंबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अक्तूबर में पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।- कर्मवीर, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, ग्रीनपार्क स्टेडियम


