Kanpur। नगर निगम में अब समान दर वाली निविदाओं में ठेकेदार का चयन ई-लॉटरी से किया जाएगा। इससे मैनुअल लॉटरी में लगने वाले समय की बचत होने के साथ ही प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
नगर निगम में ई-टेंडरिंग के माध्यम से आमंत्रित निविदाओं में समान दर प्राप्त होने पर अब तक मैनुअल लॉटरी के जरिए ठेकेदार का चयन किया जाता था।
इसमें अधिक समय लगने के साथ पारदर्शिता को लेकर शिकायतें भी आती थीं। इसे देखते हुए नगर निगम ने इलेक्ट्रॉनिक ई-लॉटरी प्रणाली लागू की है।गुरुवार को अभियंत्रण खंड-4 की 12 निविदा पत्रावलियों की ई-लॉटरी नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता और संबंधित ठेकेदारों की मौजूदगी में कराई गई। प्रक्रिया कम समय में पूरी हुई। मौके पर मौजूद ठेकेदारों ने भी व्यवस्था पर संतोष जताया।
ई-लॉटरी के बाद निविदा स्वीकृति प्रपत्र भी ऑनलाइन तैयार होगा। इससे पत्रावलियों के निस्तारण में तेजी आएगी और निविदा संबंधी कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं होगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था से निविदा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, त्वरित और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।


