कुलपति के आदेश से हुआ मनोनयन, 60 पुस्तकें और 150 से अधिक शोध पत्रों का है योगदान
Kanpur ।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग के प्रोफेसर डॉ. आरके यादव को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की कार्य परिषद का सदस्य नामित किया गया है। यह मनोनयन उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 20(1)(गग) के तहत कुलपति के आदेश से किया गया है।
डॉ. यादव ने विभागीय और अकादमिक स्तर पर कई नवोन्मेषी पहल की हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके शैक्षणिक योगदान में 60 पुस्तकों का लेखन, 150 से अधिक शोध पत्रों का प्रकाशन तथा उनके निर्देशन में 70 से अधिक विद्यार्थियों का परास्नातक एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त करना शामिल है।
उनके मनोनयन पर सीएसए में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय परिवार और शिक्षाविदों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया।


