Kanpur । सीएचएस गुरुकुलम में आयोजित दो दिवसीय केएसएस अंतरविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता प्रारंभ हुई। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की 10 टीमों के लगभग 100 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जीत के साथ टीमों ने सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के चेयरमैन संजय टंडन और सीएचएस गुरुकुलम की प्रधानाचार्या ज्योतिका विज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन के सफल संचालन में सीता वर्मा, अजय कुमार सिंह और अश्वनी ने कोच व तकनीकी अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई।
प्रारंभिक दौर के मुकाबलों में सीएचएस गुरुकुलम ने एलनहाउस को 3-0 से शिकस्त दी।
बालिका वर्ग में श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर ने दून इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराया, जबकि डीपीएस बर्रा ने वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर को समान अंतर से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में डीपीएस बर्रा और श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।
जबकि, बालक वर्ग में डीपीएस बर्रा ने डॉ. वीरेंद्र स्वरुप एजुकेशन सेंटर को 3-0 से मात दी। श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर ने एलनहाउस पब्लिक स्कूल पनकी को 3-0 से पराजित किया, ऐसे ही अन्य मुकाबले खेले गए। इस आधार पर पहले सेमीफाइनल में दून इंटरनेशनल स्कूल का सामना डीपीएस बर्रा से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर और श्रीराम एजुकेशन सेंटर आमने-सामने होंगे। प्रतियोगिता का समापन 18 जुलाई को होगा। अंतिम दिन बालक व बालिका वर्ग के टीम फाइनल के अलावा सिंगल्स स्पर्धा के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।


