500 छात्रों के बैठने की क्षमता, वातानुकूलित सभागार में आधुनिक स्टेज, लाइटिंग और साउंड सिस्टम
Kanpur । राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में लंबे इंतजार के बाद 8.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम अब लोकार्पण के लिए तैयार है। करीब 500 छात्रों की क्षमता वाले इस वातानुकूलित सभागार का इसी अगस्त में लोकार्पण कराया जाएगा। मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से बनाए गए ऑडिटोरियम में आधुनिक स्टेज के साथ बेहतर लाइटिंग और साउंड सिस्टम की सुविधा है। यहां विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठियां, प्रतियोगिताएं और अन्य बड़े आयोजन कराए जा सकेंगे। वातानुकूलित सभागार होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान सीटिंग व्यवस्था, स्टेज, वातानुकूलन, लाइटिंग और साउंड सिस्टम समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी सुविधाओं को पूरी तरह क्रियाशील रखने और लोकार्पण से पहले जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
2016 में शुरू हुआ था निर्माण
ऑडिटोरियम की परियोजना वर्ष 2016 में शुरू हुई थी, लेकिन निर्माण कार्य लंबे समय तक अधूरा रहा। फरवरी 2025 में डीएम ने स्थलीय निरीक्षण किया तो काम ठप मिला। इसके बाद प्रशासन ने शासन स्तर पर पत्राचार कर लंबित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ और अब परियोजना पूरी हो चुकी है।
ऑडिटोरियम के शुरू होने से राजकीय इंटर कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं वाला बड़ा आयोजन स्थल मिल जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी भी मौजूद रहे।


