Wednesday, September 23, 2026
HomeकानपुरKanpur : डीएम तंवर ने संभाली कानपुर की कमान, कलेक्ट्रेट में परखी...

Kanpur : डीएम तंवर ने संभाली कानपुर की कमान, कलेक्ट्रेट में परखी कामकाज की रफ्तार

 

 

 

 

कलेक्ट्रेट के पटलों पर पहुंचे नवागत डीएम, अभिलेखों के रखरखाव और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

Kanpur । कानपुर नगर को बुधवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। 2015 बैच के आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कोषागार में जिले के 59वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद सीधे कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में पहुंचकर कामकाज की स्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित प्रकरणों के निस्तारण की जानकारी ली।

#kanpur

कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवीन सभागार में पत्रकारों से बातचीत में नवागत डीएम ने जिले में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट और सरकारी कार्यालयों में पहुंचने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उनके प्रकरणों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

#kanpur

विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि कानपुर की आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों और जनसुविधाओं को और प्रभावी बनाने पर काम किया जाएगा। शासन से निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा कराने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने को कहा। जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न पटलों पर पहुंचकर कर्मचारियों से उनके कार्य और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने और पत्रावलियों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम लोगों को सुविधाजनक और पारदर्शी तरीके से सेवाएं मिल सकें।

तीसरे जिले की संभाल रहे कमान
महेंद्र सिंह तंवर जिलाधिकारी के रूप में कानपुर नगर से पहले संतकबीरनगर और कुशीनगर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रशासनिक सेवा के दौरान वह गाजियाबाद के नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और शाहजहांपुर के मुख्य विकास अधिकारी भी रहे हैं। इसके अलावा एटा और बहराइच में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।निरीक्षण के दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह, आईएएस संदीप कुमार, एडीएम सिटी सौरभ सिंह और एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...