Kanpur । जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों को जनशिकायतों और लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की रैंकिंग में सुधार के लिए प्रत्येक विभाग में डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों और विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

उन्होंने विभागों से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी कार्यालयों में प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इससे आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और पात्र लाभार्थियों को आवेदन में परेशानी नहीं होगी।
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण में उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों के एक साथ बैठने की समुचित व्यवस्था कराने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारी नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


