नीति निर्माण में आंकड़ों की अहमियत बताई, बोले—हर प्रविष्टि हो सटीक और जिम्मेदारीपूर्ण
Kanpur । जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच शुक्रवार को एक अलग तस्वीर सामने आई, जब जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह खुद प्रशिक्षण कक्ष में कार्मिकों के साथ बैठकर जनगणना की प्रक्रिया समझते नजर आए। कानपुर इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में डीएम की मौजूदगी ने कार्मिकों का उत्साह बढ़ा दिया।
फील्ड ट्रेनर आलोक यादव द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण को डीएम ने ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने बीच-बीच में कार्मिकों से सवाल पूछकर उनकी समझ परखी और जनगणना कार्य की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जनगणना सिर्फ आंकड़े जुटाने का काम नहीं है, बल्कि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर देश की योजनाएं और नीतियां तय होती हैं।

डीएम ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना-2027 के तहत जुटाई गई हर जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और सावधानी के साथ कार्य करें। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और फील्ड में सटीक आंकड़े दर्ज करने की अपील की।
जिले में जनगणना की तैयारियां जोरों पर हैं। 15 प्रशिक्षण केंद्रों पर 172 फील्ड ट्रेनर्स के जरिए 10,467 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। केआईटी केंद्र पर लगभग 250 कार्मिक प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां डीएम ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
जनगणना के पहले चरण में 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी, जबकि दूसरे चरण में 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और जनसंख्या का ब्यौरा जुटाएंगे।


