Kanpur। जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में बालमोल एकादश और डीकेजी एकादश ने जीत हासिल की। बालमोल की जीत के हीरो बने विशेष पांच विकेट लेकर मैन आफ द मैच खिलाड़ी भी बने। वहीं, डीकेजी एकादश की ओर से 77 गेंदों पर 95 रन बनाकर कुश यादव ने अर्धशतकीय पारी से टीम को 54 रन की जीत दिलाई और मैन आफ द मैच पुरस्कार अपने नाम किया।

साउथ मैदान में खेले गए पहले मुकाबले में मैपलवुड एकादश ने 24.3 ओवर में 10 विकेट पर 127 रन बनाए। मध्यक्रम बल्लेबाज नमन (38) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। बालमोल एकादश के गेंदबाज विशेष ने पांच विकेट लिए। जवाब में बालमोल एकादश ने लक्ष्य को 23वें ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर हासिल किया। बालमोल एकादश की ओर से शिवाय (60) ने अर्धशतक जड़ा। लीग के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए डीकेजी एकादश ने 25 ओवर में तीन विकेट पर 226 रन बनाए।

सलामी बल्लेबाज कुश यादव (95) और कविश शुक्ला (83) की पारियों ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ओलिवर ब्राउन एकादश 25 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन ही बना सका। सलामी बल्लेबाज अर्जुन सिंह (71), कप्तान अरनव (20) और देवांश (31) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया और निर्धारित ओवर में पांच विकेट पर टीम 172 रन ही बना सकी।


