कानपुर टीम में जगह बनाने का मौका, इंटर स्कूल के खिलाड़ियों को भी मिलेगा मंच
Kanpur । कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ की ओर से मंडलीय क्लासिक एवं इक्यूप्ड बेंच प्रेस व डेडलिफ्ट चैंपियनशिप और प्रथम जिला इंटर स्कूल बेंच प्रेस व डेडलिफ्ट चैंपियनशिप का आयोजन 17 और 18 अक्टूबर को स्वरूप नगर स्थित बाल निकुंज सदन में होगा। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
संघ के अनुसार प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 23 से 25 अक्टूबर तक गाजियाबाद में होने वाली उत्तर प्रदेश क्लासिक बेंच प्रेस चैंपियनशिप के लिए कानपुर टीम का चयन किया जाएगा। टीम में चयन के लिए खिलाड़ियों का इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना अनिवार्य होगा।
वहीं, जिला इंटर स्कूल बेंच प्रेस व डेडलिफ्ट चैंपियनशिप में केवल स्कूल के बोनाफाइड विद्यार्थी ही हिस्सा ले सकेंगे। खिलाड़ियों की पात्रता प्रधानाचार्य से सत्यापित होना जरूरी होगा।
प्रतियोगिता इंटर स्कूल के खिलाड़ियों के लिए भी कानपुर की सब-जूनियर टीम में जगह बनाने का अवसर होगी। प्रतियोगिता स्थल पर ही खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए संघ के सचिव संदीप निगम से 9956222622 पर संपर्क किया जा सकता है।


