‘टुगेदर फॉर इंक्लूजन’ थीम पर चार टीमों ने दिखाया जज्बा, टीएसएच मैदान पर हुआ तीसरे सत्र का समापन
Kanpur। मैदान पर हुनर दिखाने वाले दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को अब खेल के साथ सुविधाओं का भी सहारा मिलेगा। देश में विकसित खेल एवं सक्रिय परिधान ब्रांड टेन एक्स यू ने फिजिकल डिसएबिलिटी यूपी टी20 लीग के तीसरे सत्र के लिए आधिकारिक किट साझेदार के रूप में हाथ मिलाया है। साझेदारी का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने, प्रतिभा दिखाने और संगठित क्रिकेट से जुड़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित लीग का आयोजन 28 सितंबर से एक अक्टूबर तक कानपुर के टीएसएच मैदान पर हुआ। इस बार प्रतियोगिता की थीम ‘टुगेदर फॉर इंक्लूजन’ रही। चार टीमों—नोएडा दिव्यांग किंग्स, लखनऊ दिव्यांग फाल्कन्स, मेरठ दिव्यांग मावेरिक्स और कानपुर दिव्यांग वॉरियर्स—ने खिताब के लिए मुकाबला किया। 28 सितंबर को लीग के मुकाबले शुरू हुए और एक अक्टूबर को फाइनल के साथ तीसरे सत्र का समापन हुआ।
लीग के अध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में प्रतियोगिता की पांच वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि चार टीमों तक लीग का विस्तार खिलाड़ियों के लिए बढ़ते प्रतिस्पर्धी मंच को दर्शाता है।
टेन एक्स यू के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्तिक गुरुमूर्ति ने कहा कि खेल में भागीदारी हर व्यक्ति का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लीग से जुड़कर खिलाड़ियों को मैदान पर बेहतर अवसर और समर्थन देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने ‘नेवर स्टॉप प्लेइंग’ की सोच को समावेशी खेल संस्कृति से जोड़ने की बात कही।


