केडीएमए लीग में वाइएमसीसी, इग्लेट और डायमंड एकादश की शानदार जीत
Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की केडीएमए लीग में वाइएमसीसी, इग्लेट और डायमंड एकादश ने विपक्षी टीम पर शानदार जीत हासिल की। वहीं, सी स्पोर्टिंग को बाबे लालू एकादश पर वाकओवर मिला। लीग के जूनियर डिवीजन में केस्को एकादश ने गांधीग्राम एकादश को 15 रन से शिकस्त दी।
सोमवार को मंधना स्थित चंद्रा मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पार्क एकादश ने 37 ओवर में नौ विकेट पर 233 रन बनाए। इसमें माही (64) और हर्ष (56) ने अर्धशतकीय पारी खेली। गेंदबाजी में वाइएमसीसी एकादश के कप्तान राहुल पाल ने चार विकेट चटकाए। जवाब में वाइएमसीसी एकादश ने विकेट कीपर बल्लेबाज नितिन पाल (106) रनों के बदौलत चार विकेट की जीत हासिल की।
मैच में शतक लगाने वाले नितिन को मैन आफ द मैच चुना गया। एवरेस्ट मैदान में खेले गए दूसरे मुकाबले में कानपुर इग्लेट ने 40 ओवर में सात विकेट पर 208 रन बनाए। जवाब में खेरापति एकादश 39 ओवर में 10 विकेट पर 147 रन ही बना सका। मैच में इग्लेट के सत्यम पांडेय को घातक गेंदबाजी के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। सत्यम ने आठ ओवर में 20 रन देकर छह विकेट झटके। पीएसी मैदान में हुए तीसरे मुकाबले में कानपुर क्रिकेटर्स ने 37 ओवर में नौ विकेट पर 195 रन बनाए।
जवाब में डायमंड एकादश ने लक्ष्य को दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। बल्लेबाज देवांश ने नाबाद 132 रन की शतकीय पारी खेलकर टीम को शानदार जीत दिलाई। इसके लिए मैन आफ द मैच चुना गया। इसी प्रकार जूनियर डिवीजन का मुकाबला शुक्लागंज के सप्रू मैदान में खेला गया। इसमें केस्को ने 15 रन से गांधीग्राम एकादश को हराया। केस्को के मयूर तिवारी को 18 रन और तीन विकेट लेने पर मैन आफ द मैच चुना गया।


