Kanpur । बिल्हौर में नए थाना भवन का निर्माण जोर-शोर से जारी है और शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने खुद जाकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने न केवल प्रगति की समीक्षा की, बल्कि भवन की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुधारात्मक सुझाव भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने प्रस्तावित कार्यालय कक्ष, मालखाना, हवालात, बैरक, आवासीय कक्ष और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि नया थाना भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से कहा कि निर्माण में कोई कमी न रह जाए और सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।नवीन थाना भवन के बनने से बिल्हौर क्षेत्र में सुरक्षा और पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में स्पष्ट सुधार होगा।


