Kanpur। अखिल भारतीय बधिर क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स 3 और 4 जुलाई को बंग्लुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में हुए। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित डेफ (श्रवण बाधित) खिलाड़ियों के चयन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इन ट्रायल्स के आधार पर 3 से 10 अक्टूबर तक मलेशिया के पेनांग में होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
जबकि बैडमिंटन, शतरंज और टेबल टेनिस के ट्रायल्स 4 और 5 जुलाई को बसवनगुड़ी स्थित बीएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ग्राउंड बसवनगुड़ी में संपन्न हुए। डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के 12 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। इनमें पांच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाने की मजबूत दावेदारी पेश की। रोहित यादव ने जेवलिन थ्रो, रिदम शर्मा ने 400 मीटर हर्डल्स और विवेक राणा ने 800 मीटर दौड़ में उपविजेता रहते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
वहीं आदित्या यादव ने बैडमिंटन स्पर्धा में खिताब अपने नाम किया, जबकि आशुतोष शुक्ला ने सीनियर पुरुष शतरंज वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सौरभ श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों की सफलता खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि अंतिम चयन के बाद उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए पदक जीतकर लौटेंगे।


