कार का शीशा तोड़कर बाहर खींचा, ईंट से किए कई वार; राहगीरों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा
Kanpur । शादी से इनकार पर गुस्सा इस कदर हावी हुआ कि एक युवक ने अपनी महिला मित्र पर बीच सड़क जानलेवा हमला कर दिया। बिठूर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुई इस घटना ने राहगीरों को भी दहला दिया।

आरोप है कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम ने पहले कार रोककर विवाद किया, फिर ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद महिला को जबरन बाहर खींचकर उसके सिर और शरीर पर कई वार कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला की चीख-पुकार सुनते ही आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह आरोपी को काबू में कर महिला को बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को मंधाना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों कार से बिठूर घाट की ओर जा रहे थे। रास्ते में शादी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। महिला ने खुद को बचाने के लिए कार के दरवाजे लॉक कर लिए थे, लेकिन आरोपी ने ईंट से शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।


