Kanpur । बारावफात के जुलूस को लेकर बुधवार को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की कवायद शुरू कर दी। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने कोतवाली क्षेत्र में जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ रूट मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जुलूस मार्ग पर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ महिला सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम करने को कहा गया। जुलूस के दौरान सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
डीसीपी ने आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था न हो। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।रूट मार्च के दौरान पुलिस ने जुलूस मार्ग के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा।


