बेड पर अचेत मिला 21 वर्षीय युवक, परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया
Kanpur । नौ अक्टूबर को दिल्ली में डांस का ऑडिशन देने की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चकेरी के घाऊखेड़ा स्थित घर में वह बेड पर अचेत मिला। गले पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मोहल्ले के एक युवक पर आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच कर साक्ष्य जुटाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

परिजनों के मुताबिक कृष्ण मंगलवार रात करीब 11 बजे से दो बजे तक मोबाइल चला रहा था। इसके बाद कमरे में सोने चला गया। सुबह करीब पांच बजे उसकी मां गीता देवी को सीढ़ियों से किसी के नीचे जाने की आहट सुनाई दी। कुछ देर बाद वह कृष्ण को जगाने कमरे में पहुंचीं। वह बेड पर अचेत पड़ा था और उसका मुंह तकिए से ढका था। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। कांशीराम अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
मृतक के भाई ऋषभ ने बताया कि कृष्ण का मोहल्ले के एक युवक से पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि 21 सितंबर को युवक ने कृष्ण को रोककर गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके बाद घर पर पथराव भी किया गया, जिसमें उनकी मां के पैर में चोट आई थी। परिजनों का कहना है कि पुराने विवाद में कृष्ण महत्वपूर्ण गवाह था और उसे गवाही देने पर धमकी भी दी गई थी।
ऑडिशन की तैयारी में जुटा था कृष्ण
ऋषभ के अनुसार कृष्ण डांस करता था और नौ अक्टूबर को दिल्ली में ऑडिशन देने जाना था। वह इसकी तैयारी कर रहा था। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है।चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। गले पर मिले चोट के निशान की विशेषज्ञ टीम से जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


