कानपुर के अविनाश और देहात के मिथुन को प्रदेश टीम में मिली जगह
Kanpur। रांची में 30 अक्तूबर से चार नवंबर तक राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप होगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश टीम की घोषणा मंगलवार को की गई। प्रदेश टीम में कानपुर के अविनाश कुमार और कानपुर देहात के मिथुन समेत विभिन्न जिलों के साइकिलिस्टों को शामिल किया गया है।
उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव आरके गुप्ता के अनुसार 13 सितंबर को ट्रांस गंगा सिटी में आयोजित प्रदेशीय ट्रैक साइकिलिंग ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टाइमिंग के आधार पर टीम का चयन किया गया। प्रतियोगिता साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।
सीनियर पुरुष वर्ग में आगरा के मनीष और सुमित गुर्जर, मुरादाबाद के सैयद खालिद बागी और सैयद बुरहान अली, कानपुर के अविनाश कुमार और कानपुर देहात के मिथुन का चयन हुआ है। सब-जूनियर बालक वर्ग (15-16 वर्ष) में मिर्जापुर के सूर्या कुमार गुप्ता और यूथ बालक वर्ग (12-14 वर्ष) में नोएडा के मयंक यादव को टीम में जगह मिली है। टीम के मैनेजर मुरादाबाद के खुर्शीद अली और कोच सैयद मरदान अली होंगे।


