Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज (सीएसजेएम) विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा व खेल विभाग की ओर से दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में पारंपरिक खेल-2026 का आयोजन एकलव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें सीएसजेएमयू विश्वविद्यालय खो-खो और कबड्डी में चैंपियन बना।
खो-खो प्रतियोगिता में इटावा ने सीवी रमन को एक अंक व एक इनिंग से हराया, जबकि सीएसजेएम विश्वविद्यालय ने जेएन शाह को तीन अंक व एक इनिंग से पराजित किया। ब्लैक पैंथर ने एसजे को आठ अंकों से और कानपुर देहात ने फफूंदर को नौ अंकों से शिकस्त दी। पहले सेमीफाइनल में सीएसजेएम विश्वविद्यालय ने इटावा को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर देहात ने ब्लैक पैंथर को 15 अंक व एक इनिंग से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
खिताबी मुकाबले में सीएसजेएम विश्वविद्यालय ने कानपुर देहात को हराकर चैंपियन बना। कबड्डी प्रतियोगिता में एसजे रामाईपुर कॉलेज ने एलन हाउस बिजनेस स्कूल को 41-31 से हराया। एशियन कॉलेज ने एलन हाउस को 30-16 से पराजित किया, जबकि सीएसजेएम विश्वविद्यालय ने केआईटी को 42-15 के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
सेमीफाइनल में एसजे रामाईपुर कॉलेज ने एशियन कॉलेज को 26-25 के रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में सीएसजेएम विश्वविद्यालय ने एसजे रामाईपुर कॉलेज को 32-12 से हराकर कबड्डी का खिताब भी अपने नाम कर लिया।प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, प्रभाकर पाण्डेय, अभिषेक मिश्रा, सह-समन्वयक शुभम हजारिया, सौरभ तिवारी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


