ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष खो-खो चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबले, कई दिग्गज टीमों ने दर्ज की जीत
Kanpur। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष खो-खो चैंपियनशिप के तीसरे दिन मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मेजबान छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने मंगलौर विश्वविद्यालय को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इसके अलावा अन्य मुकाबलों में स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्याल नांदेड़, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, बेंगलुरु नॉर्थ विश्वविद्यालय, मंगलौर विश्वविद्यालय, एसआरटीएम विश्वविद्यालय, कालीकट विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पंजाब ने अपने-अपने मैच जीते।
विश्वविद्यालय परिसर में खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में सीएसजेएमयू ने मंगलौर विश्वविद्यालय को 31-20 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। दूसरे मैच में स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय नांदेड़ ने मुंबई विश्वविद्यालय को 40–24 से हराया। जबकि तीसरे मैच में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विश्वविद्यालय ने चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा को 33–10 से पराजित किया। चौथे मैच में बेंगलुरु नॉर्थ विश्वविद्यालय ने कल्याणी विश्वविद्यालय को 31–22 से हराकर जीत दर्ज की।
पांचवें मैच में मंगलौर विश्वविद्यालय ने सिदो-कान्हू बिरसा विश्वविद्यालय को 26–18 से हराया। जबकि छठवें मैच में एसआरटीएम विश्वविद्यालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय को 46–33 से पराजित किया। सातवें मैच में कालीकट विश्वविद्यालय ने भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को 31–21 से मात दी। आठवें मुकाबले में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पंजाब ने चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय को 21–18 से हराया।


