Kanpur। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) का 28वां दीक्षांत समारोह 10 जुलाई को आयोजित होगा। समारोह में बीमस्टेक के महासचिव एंबेसडर इंद्रमणि पांडेय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि समारोह में कुल 372 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 69 विद्यार्थियों को पीएचडी, 179 को बीएससी कृषि, 28 को बीएससी उद्यान, 19 को बीएससी फॉरेस्ट्री, 10 को बीएससी कम्युनिटी साइंस, 52 को बीटेक की विभिन्न शाखाओं, 8 को बीएफएससी तथा 7 विद्यार्थियों को बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी की डिग्री प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 33 विद्यार्थियों को पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 14 छात्राओं और 19 छात्रों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मान मिलेगा। समारोह में 9 विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 9 को विश्वविद्यालय रजत पदक, 9 को विश्वविद्यालय कांस्य पदक तथा 6 विद्यार्थियों को प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।


