शहर के छह आउटलेट और बॉक्स ऑफिस से मिलेंगे टिकट
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के दूसरे चरण का आगाज ग्रीन पार्क में 28 अगस्त से हो रहा है। सोमवार से ग्रीन पार्क स्टेडियम समेत शहर के छह आउटलेट पर शुरू हुई ऑफलाइन टिकट बिक्री में लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। लाजपत नगर स्थित बाटू टेलीकॉम में युवा खिलाड़ियों की लंबी कतार देखने लायक थी। वहीं इसी सेंटर पर ऑफलाइन टिकट बिक्री की शुरुआत यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने की।
उन्होंने बताया कि ग्रीन पार्क में 28 अगस्त से लेकर छह सितम्बर तक दूसरे चरण के 12 मुकाबले खेले जाने हैं। इन मैचों के टिकट डिस्ट्रिक एप पर ऑनलाइन उपलब्ध होने के साथ ही शहर में भी कई स्थानों से ऑफलाइन मिलने शुरू हो चुके हैं।
सस्ते दरों पर रखे गये इन टिकट को दर्शक ग्रीन पार्क स्टेडियम में बने बाक्स आफिस के अलावा बाटू टेलीफोन प्वाइंट गोविंद नगर, लाजपत नगर, दबौली मोड़, सुरपाल टायर्स फजलगंज, गौरव फर्नीचर गोविंद नगर व एएस परफेक्ट चमनगंज से भी खरीद सकेंगे। इसके अलावा कोई भी संस्थान यदि टिकट खरीदना चाहता है तो वह ग्रीन पार्क में यूपी लीग के नोडल अधिकारी संजय तिवारी से संपर्क कर सकता है। ग्रीन पार्क में होने वाले मैचों के टिकट क्रिकेट प्रेमी 49 से 349 रुपये में खरीद सकेंगे। महिलाओं के लिए आरक्षित बी गर्ल्स गैलरी की टिकट 49 रुपये में काउंटर से मिलेगी।
जबकि, बी जनरल, सी स्टाल और ई पब्लिक की टीम 99 रुपये, बी बालकनी की टिकट 149, ए पवेलियन व पवेलियन ग्राउंड की टिकट 200 तथा डी चेयर गैलरी की टिकट 249 रुपये में मिलेगी। वहीं, न्यू प्लेयर पवेलियन, ए बालकनी, पवेलियन बालकनी तथा वीआइपी पवेलियन की टिकट 349 रुपये में मिलेगी।
टिकट बिक्री कार्यक्रम में केसीए उपाध्यक्ष संजय तिवारी, सुशील वाधवानी बाटू, वरुण कटारिया, सुमित मध्यान, पीएस नेगी, मनीष मेहरोत्रा, दिनेश कटियार, नीरज वर्मा आदि मौजूद रहे।


