क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने देखा शव, वन विभाग ने शुरू की जांच
Kanpur । जाजमऊ थाना क्षेत्र में मक्कू शहीद के भट्टा के पास रविवार सुबह गंगा किनारे एक मगरमच्छ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। करीब चार से पांच फीट लंबे मगरमच्छ के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध लगने पर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ बच्चे गंगा किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद नदी की ओर चली गई। गेंद लेने पहुंचे बच्चों की नजर किनारे पड़े मगरमच्छ के शव पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मगरमच्छ के सिर पर गहरी चोट और हड्डी क्षतिग्रस्त होने से यह सामान्य मौत नहीं लग रही। लोगों ने आशंका जताई कि अवैध रूप से मछली पकड़ने के दौरान मगरमच्छ जाल में फंस गया होगा। उसे छुड़ाने के बजाय किसी भारी वस्तु से हमला कर मार दिया गया और बाद में शव गंगा किनारे छोड़ दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने गंगा में अवैध मछली शिकार पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रतिबंधित जालों से मछलियां पकड़ी जा रही हैं, जिससे मगरमच्छ समेत अन्य जलीय जीवों का जीवन भी खतरे में पड़ रहा है।
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग को अवगत करा दिया गया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर शव का परीक्षण करेगी। मगरमच्छ की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


