स्टेशन परिसर में चला विशेष अभियान, ₹43,090 जुर्माना वसूला; यात्रियों से अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदारी की अपील
Kanpur। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग के खिलाफ उत्तर मध्य रेलवे ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में सक्रिय 26 अनधिकृत वेंडरों को पकड़कर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सभी से मिलाकर 43,090 रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में अवैध वेंडिंग और यात्रियों से ओवरचार्जिंग जैसी शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

यह कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल और सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार की निगरानी में की गई। वाणिज्य निरीक्षकों और टिकट जांच कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय और स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना अनुमति सामान बेचते मिले 26 वेंडरों को मौके पर ही पकड़कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर को व्यवस्थित रखना, यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल ने यात्रियों से अपील की कि वे केवल रेलवे के अधिकृत स्टॉलों और विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान खरीदें। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति सामान बेचता दिखाई दे या किसी प्रकार की अनियमितता नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 या संबंधित अधिकारियों को दें।


