सीसीटीवी में कैद हुए ‘एसी चोर’, कुछ घंटों में ही पहुंच गए पुलिस की गिरफ्त मे
Kanpur। दलेलपुरवा इलाके में पुरानी एसी की दुकान के बाहर रखे आउटडोर यूनिट चोरी करने वाले दो शातिर चोर पुलिस की तेजी और सीसीटीवी कैमरों की सतर्क नजर से बच नहीं सके। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर बेकनगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों को चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले के खुलासे में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही।
पुलिस के मुताबिक, दलेलपुरवा चौराहे के पास मेहताब अहमद की पुरानी एसी की दुकान है। 19 मई की देर रात दुकान के बाहर दो एसी आउटडोर यूनिट रखे हुए थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी से दो युवक वहां पहुंचे और मौका देखकर आउटडोर यूनिट उठाकर ले गए। दोनों आरोपियों ने दो बार में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह दुकान मालिक को सामान गायब मिला तो उन्होंने बेकनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फुटेज से खुली चोरी की परतें
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे कैमरों में पूरी घटना कैद मिली। फुटेज में दो युवक स्कूटी से आते और आउटडोर ले जाते साफ दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान और तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तो कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि दोनों युवक बीमा अस्पताल के पास स्कूटी समेत खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गुलाम गौश निवासी गंगानगर शुक्लागंज, उन्नाव और अहमद रजा उर्फ बादशाह के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों एसी आउटडोर यूनिट भी बरामद कर लिए।
हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गुलाम गौश शातिर अपराधी है और थाना कर्नलगंज का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ शहर के कई थानों में चोरी और अन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
अपराधियों पर भारी पड़ रहे कैमरे
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहरभर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण में काफी मददगार साबित हो रहे हैं। हाल के दिनों में कई चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा कैमरों की मदद से तेजी से हुआ है।


