Friday, May 15, 2026
HomeकानपुरKanpur : 43 साल बाद फिर सलाखों के पीछे पहुंचा पत्नी हत्या...

Kanpur : 43 साल बाद फिर सलाखों के पीछे पहुंचा पत्नी हत्या का दोषी

सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर बाहर आने के बाद हुआ था फरार, उन्नाव से गिरफ्तार

Kanpur। शहर के  बहुचर्चित 43 साल पुराने पत्नी हत्या कांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी दोषी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हरबंशमोहाल पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार जैन को उन्नाव के गंगाघाट इलाके से पकड़कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक अशोक जैन पर वर्ष 1981 में अपनी पत्नी राधा की हत्या का आरोप लगा था। मृतका के मायके वालों ने गला दबाकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब डेढ़ साल बाद वह हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा हो गया, लेकिन बाद में निचली अदालत ने उसे दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

25 साल जेल में रहने के बाद फिर हुआ फरार
अशोक जैन करीब 25 साल तक जेल में सजा काट चुका है। वर्ष 2023 में उसे सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद वह अदालत में पेश होना बंद कर दिया। कई तारीखों पर गैरहाजिर रहने के बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया और पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र स्थित कप्तान के हाता इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बोला- तकनीक होती तो बच जाता
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने खुद को बेगुनाह बताया। उसका कहना था कि पत्नी ने संतान न होने के कारण आत्महत्या की थी, लेकिन उसे हत्या के मामले में फंसा दिया गया। आरोपी ने कहा कि अगर उस समय आज जैसी आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी कैमरे होते तो वह खुद को निर्दोष साबित कर देता।
पुलिस के अनुसार लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को अब फिर से जेल भेज दिया गया है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...