Kanpur। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कंटेनर ने तकनीकी खराबी के कारण खड़े ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत सात लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया, जबकि बेकाबू कंटेनर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा पहुंचा। इससे हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ऑटो तकनीकी खराबी के कारण फ्लाईओवर पर रुका था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रिपर ट्रेलर ने उसमें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कंटेनर भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।
क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


