हाईस्कूल से पीजी, डिप्लोमा, आईटीआई व जीएनएम उत्तीर्ण अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा
Kanpur । सेवा संकल्प अभियान और उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत शुक्रवार को गोविंद नगर स्थित डीबीएस डिग्री कॉलेज में रोजगार मेला लगेगा। प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय और डीबीएस डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां करीब 1800 रिक्तियों के साथ पहुंचेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन पर रोजगार का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेला सुबह 10 बजे से कॉलेज परिसर में शुरू होगा। इसमें हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा, आईटीआई और जीएनएम उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने साक्षात्कार देना होगा।
मेले में सांसद रमेश अवस्थी मुख्य अतिथि और गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी अध्यक्षता करेंगे। सहायक निदेशक सेवायोजन, कानपुर मंडल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर मेले से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर जरूरी शैक्षिक दस्तावेजों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचने की सलाह दी गई है।


