जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का किया शुभारंभ, कांशीराम अस्पताल में व्यवस्थाएं परखीं
Kanpur । संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में गुरुवार से विशेष अभियान शुरू हो गया। रामादेवी स्थित मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को रोगों से बचाव और रोकथाम की शपथ भी दिलाई।जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जागरूकता सबसे जरूरी है। घरों और आसपास पानी जमा न होने दें।

बुखार या बीमारी के लक्षण दिखने पर लापरवाही न करें और नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर निशुल्क जांच व उपचार कराएं। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों की टीमें भी लोगों को जागरूक करेंगी। साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और रोगों की समय से पहचान पर विशेष जोर रहेगा।
अस्पताल में दवा-जांच की व्यवस्था परखीअभियान के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने कांशीराम अस्पताल का निरीक्षण किया। पर्चा वितरण कक्ष, ओपीडी, मरीज प्रबंधन, दवा कक्ष, जांच केंद्र और प्रयोगशाला की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल में जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने और उसके आधार पर उपचार में देरी न करने को कहा।
व्यवस्थाओं में कमी या संसाधनों की जरूरत सामने आने पर तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार मिले। चिकित्सक मरीजों से सम्मानजनक व्यवहार करते हुए जांच, दवा और उपचार की सुविधा समय से उपलब्ध कराएं।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।


