डीएम के निर्देश पर सरकारी विद्यालयों में विशेष अभियान, घास-झाड़ियों की कटाई के साथ जलभराव और कूड़े का कराया निस्तारण
Kanpur । बारिश के बीच सरकारी विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल देने के लिए रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिले की प्रत्येक न्याय पंचायत में चयनित विद्यालयों में सफाई कर्मियों की टीमों ने परिसर से लेकर कक्षों, शौचालयों, बाउंड्रीवाल और छतों तक सफाई की।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर चले अभियान में विद्यालय परिसर में उगी घास और झाड़ियों को काटकर कूड़े का निस्तारण कराया गया। कक्षों और शौचालयों की सफाई के साथ जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी कराई गई। छतों पर उगी घास और वनस्पतियों को भी हटाया गया, जिससे बारिश में पानी की निकासी बाधित न हो और भवन में सीलन व रिसाव की समस्या न आए।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की निगरानी में चले अभियान में खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारियों और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। अभियान की निगरानी के लिए विकास भवन में कॉल सेंटर बनाया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर द्वितीय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने प्राथमिक विद्यालय गंभीरपुर का निरीक्षण किया। शिवराजपुर में भी विद्यालयों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था देखी गई। जनपद स्तरीय अधिकारियों ने कई विद्यालयों में औचक निरीक्षण किया।
डीएम ने कहा कि विद्यालयों की नियमित सफाई प्रशासन की प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी होगी और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


