Kanpur। द स्पोर्ट्स हब, आर्य नगर में चल रही UTT नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के अंतिम दिन यूथ अंडर-19 वर्ग के फाइनल मुकाबलों में रोमांच और संघर्ष की शानदार तस्वीर देखने को मिली। अंडर-19 बालिका वर्ग में सिंड्रेला दास तथा बालक वर्ग में प्रियानुज भट्टाचार्य (RSPB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
अंडर-19 बालिका एकल के फाइनल में सिंड्रेला दास ने अनन्या को 4-1 से पराजित कर राष्ट्रीय खिताब पर कब्जा किया। सिंड्रेला ने 11-8, 10-12, 11-8, 11-9, 11-4 से मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे गेम में अनन्या ने कड़ा संघर्ष करते हुए 12-10 से जीत दर्ज की, लेकिन इसके बाद सिंड्रेला ने लगातार तीन गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
अंडर-19 बालक एकल का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। RSPB के प्रियानुज भट्टाचार्य ने तमिलनाडु के पी. बी. अभिनंद को 4-3 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सात गेम तक चले मुकाबले में प्रियानुज ने 9-11, 11-5, 11-3, 8-11, 21-23, 11-4, 11-7 से जीत दर्ज की। पांचवें गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच 21-23 तक चला संघर्ष मुकाबले का सबसे रोमांचक क्षण रहा।
महिला एकल में भी युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शीर्ष वरीय खिलाड़ियों में शामिल यशस्विनी घोरपड़े सेमीफाइनल में दिव्यांशी भौमिक से हारकर बाहर हो गईं। वहीं सिंड्रेला दास ने PSPB की स्वस्तिका घोष को सात गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
पुरुष एकल सेमीफाइनल में पायस ने RSPB के जीत चंद्रा को 4-1 से तथा मानव ने हरियाणा के अंकुर भट्टाचार्जी को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पूरी प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने कई स्थापित और वरीय खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी। शुरुआती दौर से ही कई वरीय खिलाड़ी प्रतियोगिता से बाहर होते गए। क्वालीफायर से मुख्य दौर में पहुंची श्रीजा अकुला भी प्री-क्वार्टरफाइनल तक ही पहुंच सकीं। इससे भारतीय टेबल टेनिस में उभरती प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी का संकेत मिला।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी
चैंपियनशिप के समापन समारोह में कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के प्रेसिडेंट दुष्यंत चौटाला, चेयरमैन विवेक कोहली तथा सेक्रेटरी एम. पी. सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही यूपीटीटीए चेयरमैन संजीव पाठक, सचिव अरुण बनर्जी, एन. गणेशन, एन. के. लहरी, गीता टंडन कपूर, संजय टंडन, अनिल गुप्ता, अजय मेहरोत्रा, आशीष कपूर और सुनील सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आठ दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का समापन शानदार खेल और नई प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन के साथ हुआ।
अंडर-19 फाइनल परिणाम
बालिका एकल:
सिंड्रेला दास ने अनन्या को 11-8, 10-12, 11-8, 11-9, 11-4 से हराया।
बालक एकल:
प्रियानुज भट्टाचार्य (RSPB) ने पी. बी. अभिनंद (तमिलनाडु) को 9-11, 11-5, 11-3, 8-11, 21-23, 11-4, 11-7 से हराया।
पुरुष एवं महिला वर्ग के परिणाम अभी बाकी हैं


