विशाल सिंह का एसजीएफआई टीम में चयन, 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में खेलेंगे
कानपुर। चिन्टेल्स स्कूल के पांच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की अंडर-19 बास्केटबॉल टीम को कांस्य पदक दिलाया। गोरखपुर में एक से चार अक्टूबर तक हुई प्रतियोगिता में यूपी टीम ने दमदार खेल दिखाया। टीम की सफलता में चिन्टेल्स के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही।
कोच अतुल पटेल के मार्गदर्शन में खेले गए मुकाबलों में स्कूल के विशाल सिंह (कप्तान), रतनम जोशी, आरुष मिश्रा, स्पर्श सचान और कृतार्थ श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। पांचों खिलाड़ियों ने टीम के लिए उपयोगी प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने में योगदान दिया।
प्रतियोगिता में प्रदर्शन के बाद चिन्टेल्स स्कूल के कप्तान विशाल सिंह को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई।
उनका चयन एसजीएफआई टीम के लिए किया गया है। अब विशाल 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने पांचों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही एसजीएफआई प्रतियोगिता में विशाल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।


